Monday 13 April 2015

कितने इन्द्र?


चीपति इन्द्र कोई साधारण देवता नहीं, अपितु एक मन्वन्तर तक स्वर्ग के अधिपति हैं। उन्हें इकहत्तर दिव्य युगों तक दिव्य लोकों का साम्राज्य प्राप्त रहा। तब उन्हें गर्व क्यों न होता? जिस प्रकार किसी का गर्व भंग होता है, उसी प्रकार इन्द्र के गर्व का भंग होना भी स्वाभाविक था। यद्यपि गोवर्द्धन-धारण, पारिजात-हरण आदि अनेक प्रसंगों के माध्यम से इन्द्र का कई बार मानभंग होता रहा। मेघनाद, रावण और हिरण्यकशिपु आदि ने भी जब भय दिखाया तो अनेक बार इन्द्र को दुष्यन्त, खट्वांग, अर्जुन आदि से सहायता की याचना करनी पड़ी। मेघनाद ने तो इन्द्र को पराजित करके ही इन्द्रजीत पद प्राप्त किया था।
इस प्रकार इन्द्र के गर्व-मन्थन की अनेक कथाएँ प्रचलित हैं। उन्हीं में से एक कथा यह भी है कि इन्द्र ने एक बार अपना विशाल महल बनाने का आयोजन किया। इसके निर्माण के लिए विश्वकर्मा को नियुक्त किया गया, जिसमें पूरे सौ वर्ष व्यतीत हो जाने पर भी भवन पूर्ण न हुआ। इससे विश्वकर्मा बड़े श्रान्त रहने लगे। अन्य कोई उपाय न देख विश्वकर्मा ने ब्रह्मा जी की शरण पकड़ी।
ब्रह्मा जी को इन्द्र पर हँसी आयी और विश्वकर्मा पर दया। ब्रह्मा ने बटुक का रूप धारण किया और इन्द्र के पास जाकर पूछने लगे, 'देवेन्द्र! मैं आपके अद्भुत भवन के निर्माण की बात सुनकर यहाँ आया तो वास्तव में वैसा ही भवन देख रहा हूँ। इस भवन के निर्माण में कितने विश्वकर्माओं को आपने लगाया हुआ है?
इन्द्र बोले, 'क्या अनर्गल बात पूछ रहे हैं आप? क्या विश्वकर्मा भी अनेक होते हैं?
'बस देवेन्द्र! इतने प्रश्न से ही आप घबरा गये? सृष्टि कितने प्रकार की है, ब्रह्मा कितने हैं, ब्रह्माण्ड कितने हैं, उन-उन ब्रह्माण्डों में कितने इन्द्र और कितने विश्वकर्मा पड़े हैं, यह कौन जान सकता है? यदि कोई पृथ्वी के धूलिकणों को गिन भी सके, तो भी विश्वकर्मा अथवा इन्द्र की संख्या तो गिनी ही नहीं जा सकती। जिस प्रकार जल में नौकाएँ दीखती हैं, उसी प्रकार विष्णु के सुनिर्मल सागर में असंख्य ब्रह्माण्ड तैरते दीखते हैं।
ब्राह्मण बटुक और इन्द्र में इस प्रकार का वार्तालाप चल ही रहा था कि तभी वहाँ पर दो सौ गज लम्बा-चौड़ा चींटियों का एक विशाल समुदाय दिखाई दिया। उन्हें देखते ही सहसा बटुक को हँसी आ गयी। इन्द्र को विस्मय हुआ तो उसने बटुक से पूछा, 'महासय! अब आप क्यों हंस रहे हैं?
'देवराज! मुझे हँसी इसलिए आयी कि यह जो आप चींटियों का समूह देख रहे हैं न, वे सब-की-सब कभी इन्द्र के पद पर प्रतिष्ठित रह चुकी हैं। इसमें आश्चर्य करने की कोई बात नहीं है, क्योंकि कर्मों की गति ही कुछ इस प्रकार की है। जो आज देवलोक में है, वह दूसरे ही क्षण कभी कीट, वृक्ष या अन्य स्थावर योनियों को प्राप्त हो सकता है।
इन्द्र को बटुक यह प्रकार समझा ही रहे थे कि तभी उज्ज्वल तिलक लगाये एक वयोवृद्ध महात्मा वहाँ आ पहुँचे। बटुक ने उनसे प्रश्न किया, 'महात्मन! आप कहाँ से पधारे हैं? आपका शुभ नाम क्या है? आपका निवास-स्थान कहाँ है? आप किस दिशा में जा रहे हैं? आपके वक्षस्थल पर यह लोमचक्र कैसा है?
आगन्तुक मुनि ने कहा, 'बटुकश्रेष्ठ! वक्षस्थल के लोमचक्रों के कारण लोग मुझे लोमश कहते हैं। मेरे वक्षस्थल के रोम मेरी आयु-संख्या के प्रमाण हैं। जब एक इन्द्र का पतन होता है तो मेरा एक रोआँ गिर पड़ता है। यही मेरे उखड़े हुए कुछ रोमों का रहस्य भी है। ब्रह्मा के दो परार्ध बीतने पर मेरी मृत्यु कही जाती है। असंख्य ब्रह्मा मर गये और मरेंगे। ऐसी दशा में मैं मोह-माया लगाकर क्या करूँगा? भगवान की भक्ति ही सर्वोपरि, सर्व-सुखद और दुर्लभ है। यह मोक्ष से भी बढ़कर है। ऐश्वर्य तो भक्ति में रुकावट तथा स्वप्नवत् मिथ्या है।बटुक के प्रश्नों का इस प्रकार उत्तर देकर महर्षि लोमश वहाँ से आगे चल दिये। ब्राह्मण बटुक भी वहाँ से अन्तर्धान हो गये।
यह सब देखकर इन्द्र को बड़ा विस्मय हुआ। उसके होश और जोश सब ठण्डे हो गये। बात कुछ समझ भी आ गयी। फिर क्या था! इन्द्र ने विश्वकर्मा को बुलाकर उनका मेहनताना देकर हाथ जोड़ दिये कि उनका भवन जितना और जैसा बनना था, वह बन गया है, अब उनको परिश्रम करने की आवश्यकता नहीं है।
फिर इन्द्र ने वहीं से तत्काल वन के लिए प्रस्थान कर दिया। इन्द्र के इस प्रकार सहसा देवलोक से विलुप्त हो जाने का समाचार गुरुदेव बृहस्पति को ज्ञात हुआ तो उन्होंने इन्द्र की खोज करवायी और उनसे कहा कि उनका इस प्रकार सहसा वन को चले जाना उचित नहीं है। उन्होंने समझाया कि सब कार्य अपने समय पर और अपने नियम के अनुसार ही होने चाहिए, भावुकता के आधार पर नहीं। देवगुरु का उपदेश सुनकर इन्द्र को सद्बुद्धि आयी। उन्हें अपने कर्म की अनुभूति हुई। उन्होंने लौटकर पुन: अपना राजपाट और इन्द्रासन सँभाल लिया और लेकिन व्यर्थ के व्यसन और लोलुपता त्याग दिया।

Pt.P.S Tripathi
Mobile no-9893363928,9424225005
Landline no-0771-4035992,4050500

Feel Free to ask any questions in

No comments: