Monday 31 October 2016

दांपत्य जीवन में राहु का दुष्प्रभाव

विवाह व दाम्पत्य जीवन का आकलन जन्मकुंडली के सप्तम भाव से किया जाता है। पुरुष की कुंडली में शुक्र ग्रह पत्नी व विवाह (कलत्र) कारक होता है तथा स्त्री की कुंडली में बृहस्पति पति तथा दाम्पत्य सुख का कारक होता है। ‘‘ज्योतिष नवनीतम्’’ ग्रंथ के अनुसारः गुरुणा सहिते दृष्टे दारनाथे बलान्विते। कारके वा तथा पतिव्रतपरायणा।। अर्थात् जब सप्तमेश व कारक (शुक्र) बलवान होकर गुरु से युक्त अथवा दृष्ट हों तो जीवन साथी निष्ठावान होता है। परंतु सभी जातक ऐसे भाग्यशाली नहीं होते। सप्तम भाव, भावेश व शुक्र पर मंगल और शनि का प्रभाव मुख्य रूप से दाम्पत्य जीवन में विघ्नकारक माना जाता है, परंतु छाया ग्रह (राहु/केतु) भी इस क्षेत्र में कम दुष्प्रभावी नहीं होते। छाया ग्रहों में राहु इहलोक तथा सांसारिक क्षेत्र में, और केतु परलोक तथा धार्मिक क्षेत्र में विशेष प्रभावी होते हैं। महर्षि पराशर के अनुसार राहु वृष राशि में उच्च का होता है, मिथुन उसकी मूल त्रिकोण राशि है, तथा वृश्चिक में वह नीच का होता है। जब राहु बलवान हो और शुभ ग्रहों स युक्त या दृष्ट हो तो जातक के लिए शुभ फलदायक होता है। परंतु अशुभ प्रभाव या अष्टम अथवा द्वादश भाव में होने पर राहु जातक का जीवन कष्टमय बना देता है। अशुभ राहु का सप्तम भाव व भावेश से संबंध होने पर दाम्पत्य जीवन दुखी होता है। सभी ग्रंथ राहु के सप्तम भाव व भावेश से संबंध को दाम्पत्य जीवन के लिए अशुभ मानते हैं। जातक चरित्रहीन होता है (सराहुकेतौ यदि दारनाथे पापेक्षिते वा व्यभिचार योगः। ‘‘सर्वार्थचिन्तामणि’’) पहली पत्नी का देहांत हो जाता है। दूसरी पत्नी भी बीमार रहती है, या पति के विरुद्ध आचरण करने वाली होती है। जातक नीच स्त्रियों पर धन नष्ट करता है और उसे संतान प्राप्ति में बाधा आती है या संतान से कष्ट होता है। अष्टम (मांगल्य) भाव का राहु रोगदायक होता है और दाम्पत्य जीवन को दुखी बनाता है। षष्ठ भाव में मंगल, सप्तम भाव में राहु और अष्टम भाव में शनि जीवनसाथी का नाश करते हैं। मानसागरी ग्रंथ के अनुसार: षष्ठे च भवने भौभः सप्तमे राहु सम्भवः। अष्टमे च यदा सौ रिस्तस्य भार्या न जीवति।। राहु का लग्न पर प्रभाव जातक का कपटी, व्यग्र, तथा निरंकुश बनाता है। सप्तम भाव स्थित चंद्रमा पर राहु की युति या दृष्टि जातक को व्याकुल व दुस्साहसी बनाती है। राहु तथा मंगल का आपसी संबंध जातक को जिद्दी व लड़ाकू बनाता है और इनका सप्तम भाव पर प्रभाव विवाह विच्छेद कराता है। राहु का शुक्र पर प्रभाव जातक को कामुक बनाता है। राहु का सूर्य से संबंध होने पर जीवन साथी निम्न स्तर का तथा अहंकारी होता है। ये वृत्तियां दाम्पत्य जीवन में बिखराव लाती हैं। राहु का चंद्रमा व शुक्र दोनों पर दुष्प्रभाव होने से जातक अप्राकृतिक यौन भाव से ग्रस्त होता है। मंगल व शुक्र पर राहु का प्रभाव होने से जातक परिवार, जाति व समाज की परवाह न कर यौन संबंध स्थापित करता है। राहु का शनि पर प्रभाव होने से दीर्घकालीन रोग दाम्पत्य जीवन को दुखमय बना देते हैं।

No comments: